जिला के 4,33,094 मतदाता लोकसभा आम चुनाव में कर सकेंगे अपने मत का प्रयोग - जिला निर्वाचन अधिकारी
8,345 युवा मतदाता पहली बार करेंगे अपने मत का प्रयोग - यश गर्ग
पंचकूला - उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी यश गर्ग ने बताया कि लोकसभा आम चुनाव-2024 के लिए अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। अम्बाला लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जिला पंचकूला की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में 4,33,094 वोटर शामिल हैं इनमें 2,27,581 पुरूष, 2,05,487 महिलाएं और 26 थर्ड जेंडर हैं। जिला के 18-19 आयुवर्ग के 8,345 युवा मतदाता पहली बार अपने मत का प्रयोग करेंगे।
उन्होंने बताया कि चुनाव आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद नये मतदाताओं को जोड़ने के लिए 25 अप्रैल तक आवेदन मांगे गए थे। इसके बाद नये वोट बनाए जाने की प्रक्रिया पूरी कर भारतीय चुनाव आयोग के नियमानुसार लोकसभा चुनाव के लिए अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिला में 424 पोलिंग बूथ स्थापित किए गए हैं जिसमें 01-कालका में 218 मतदान केन्द्र और 02-पंचकूला में 206 मतदान केन्द्र शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 01-कालका विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 181 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 4 हजार 773 पुरूष, 95 हजार 390 महिलाएं और 18 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। 02-पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में 2 लाख 32 हजार 913 मतदाता हैं। इनमें 1 लाख 22 हजार 808 पुरूष, 1 लाख 10 हजार 097 महिलाएं और 8 ट्रांसजेंडर शामिल हैं।
यश गर्ग ने बताया कि 01-कालका विधानसभा क्षेत्र में 18-19 आयुवर्ग के 4,017 मतदाता, 20-29 आयुवर्ग के 38,018 मतदाता, 30-39 आयुवर्ग के 47,988 मतदाता, 40-49 आयुवर्ग के 40,778 मतदाता, 50-59 आयुवर्ग के 31,249 मतदाता, 60-69 आयुवर्ग के 21,982 मतदाता, 70-79 आयुवर्ग के 10,998 मतदाता और 80 वर्ष से उपर के 5,151 मतदाता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि 02-पंचकूला विधानसभा क्षेत्र में 18-19 आयुवर्ग के 4,328 मतदाता, 20-29 आयुवर्ग के 37,410 मतदाता, 30-39 आयुवर्ग के 51,263 मतदाता, 40-49 आयुवर्ग के 49,545 मतदाता, 50-59 आयुवर्ग के 38,456 मतदाता, 60-69 आयुवर्ग के 27,591 मतदाता, 70-79 आयुवर्ग के 16,391 मतदाता और 80 वर्ष से उपर के 7,929 मतदाता शामिल हैं।
यश गर्ग ने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं के लिए पोलिंग स्टेशनों पर व्हील चेयर सहित सभी आवश्यक प्रबन्ध किए जाएंगे। इसके अलावा ऐसे दिव्यांग मतदाताओं जो पोलिंग स्टेशन पर स्वयं आने में असमर्थ हैं उनके लिए घर से मतदान केन्द्र और मतदान केन्द्र से वापस घर छोड़ने की व्यवस्था की जाएगी। इसी प्रकार पहली बार 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों को उनके मांग अनुसार घर से ही मतदान करवाया जा सकेगा।