पेरिस - फ्रांस के प्रधानमंत्री मैनुअल वाल्स ने बताया कि जब तक तथाकथित इस्लामिक स्टेट के खिलाफ वैश्विक कार्रवाई पूरी नहीं हो जाती तब तक फ्रांस में आपातस्थिति लागू रहेगी। पेरिस में 13 नवम्बर को हुए आतंकी हमलों के बाद आपातस्थिति की घोषणा की गई थी, जिसे तीन माह के लिए बढ़ा दिया गया था। इस स्थिति में पुलिस को तलाशी और नजरबंदी के लिए और अधिक अधिकार मिल जाते हैं।
वॉल्स ने कहा कि फ्रांस के लोगों की रक्षा के लिए कानून के शासन के तहत सभी उपाय किए जाएंगे। वॉल्स ने चेतावनी दी कि यूरोप का शरणार्थी संकट अब यूरोपीय संघ के लिए गंभीर चुनौती बन गया है। जापान ने विश्व के अन्य प्रमुख देशों की तरह ईरान पर लगे प्रतिबंध आज हटा लिये हैं। जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव योशिहिदे सुगा ने संवाददाता सम्मेलन में प्रतिबंध हटाने की घोषणा की। प्रतिबंध लगाए जाने से पहले जापान ईरान का लगभग दस प्रतिशत तेल आयात करता था। बाद में उसने ईरान से तेल आयात कम कर दिया।